मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और तकनीक-सक्षम बनाने के लिए सभी विभागों को सौंपे गए दायित्व समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए केदारनाथ–बद्रीनाथ रूट पर सभी अस्पतालों को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए। ऊर्जा विभाग को निर्बाध और संतुलित वोल्टेज की बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। आपदा प्रबंधन और पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक जाम या किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना यात्रियों तक व्हाट्सएप अलर्ट के माध्यम से तुरंत पहुंचाई जाए।
आपात स्थिति में यात्रा रोकने की दशा में अवधि और स्थान निर्धारण का दायित्व आयुक्त गढ़वाल मंडल को सौंपा गया। यात्रा मार्ग पर आवश्यक मशीनों और उपकरणों की अग्रिम तैनाती तथा परिसंपत्तियों की मैपिंग करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर त्वरित उपयोग हो सके।
तकनीक आधारित सुविधाओं के तहत प्रमुख स्थलों पर क्यूआर कोड और स्पष्ट साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही यात्रा संचालन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी करने और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यावहारिक योजना तैयार करने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी को स्थानीय स्तर पर समन्वय मजबूत कर व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post