मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बल्लूपुर चौक में नगर निगम, देहरादून द्वारा आयोजित “स्वेच्छा से स्वच्छता” कार्यक्रम में भाग लेकर प्रदेशवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लेते हुए आम जनता को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
नगर निगम, देहरादून द्वारा 7 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना है। इसके तहत विभिन्न वार्डों में सफाई अभियान, कूड़ा निस्तारण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक हर नागरिक स्वेच्छा से इस दिशा में योगदान नहीं देगा, तब तक स्थायी बदलाव संभव नहीं है। हमें अपने घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी खुद निभानी होगी।
उन्होंने नगर निगम के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और इन्हें नियमित रूप से चलाया जाना चाहिए, ताकि स्वच्छता के प्रति जागरूकता लगातार बनी रहे।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post