शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि भावी पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य और प्राकृतिक संपदा के संवर्धन हेतु आज, 28 मार्च 2026 को वैश्विक अभियान ‘अर्थ ऑवर’ आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों, संस्थाओं और व्यापारियों से अपील की है कि वे आज रात्रि 8:30 बजे से 9:30 बजे तक स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठानों और घरों की गैर-जरूरी विद्युत लाइटें बंद रखकर इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सचिव, उत्तराखंड शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में, यह आयोजन प्रकृति के साथ सामंजस्य बिठाने और ऊर्जा संरक्षण के प्रति जन-चेतना जागृत करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि राजभवन उत्तराखंड और WWF इंडिया के सहयोग से संचालित इस मुहिम का उद्देश्य केवल बिजली बचाना नहीं, बल्कि जलवायु परिवर्तन की गंभीर चुनौतियों के विरुद्ध एकजुटता प्रदर्शित करना है। यह प्रतीकात्मक एक घंटा हमारी पृथ्वी के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का परिचायक है।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि इस अभियान का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि समाज का प्रत्येक वर्ग इस वैश्विक पहल से जुड़ सके। उन्होंने विशेष रूप से जोर दिया कि सरकारी भवनों, निजी संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर निर्धारित समय अवधि के दौरान बिजली का संयमित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे हम पर्यावरण संतुलन की दिशा में एक सार्थक संदेश दे सकें।
Reported By: Gopal Nautiyal











Discussion about this post