रुड़की: हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) ने अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलौर के मुंडलाना रोड पर प्राधिकरण की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ अवैध रूप से काटी जा रही एक बड़ी कॉलोनी को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
26 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा: मिली जानकारी के अनुसार, मंगलौर के मुंडलाना रोड पर मुस्तकीम नामक व्यक्ति द्वारा लगभग 25 से 26 बीघा जमीन पर बिना किसी मानचित्र स्वीकृति के कॉलोनी काटी जा रही थी। प्राधिकरण को लगातार इसकी शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद शनिवार को HRDA के दस्ते ने मौके पर पहुँचकर अवैध निर्माण और सड़कों के ढांचे को ढहा दिया।
निर्माणकर्ता फरार, सख्त चेतावनी जारी: जिस समय प्राधिकरण की टीम बुलडोजर लेकर पहुँची, अवैध निर्माणकर्ता मौके से नदारद मिला। प्राधिकरण के अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों की अपील: प्राधिकरण ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि वह विकास प्राधिकरण से स्वीकृत है या नहीं। अवैध कॉलोनियों में निवेश करने पर भविष्य में बड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
Reported BY: Rajesh Kumar












Discussion about this post