मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के घनसाली में 41.21 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें 13.43 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण और 27.78 करोड़ की पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत करने की आधारशिला भी रखी गई। अस्पताल हेतु भूमि दान करने वाले कृष्णा गैरोला एवं उनके परिवार को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हुआ है, उनका कार्य समयबद्ध रूप से पूरा कर शीघ्र लोकार्पण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है, जबकि डीबीटी के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने पिलखी बेलेश्वर क्षेत्र में उप-चिकित्सालय स्थापित करने की घोषणा भी की और क्षेत्र की विभिन्न मांगों पर प्राथमिकता से कार्य करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विधायक शक्तिलाल शाह ने क्षेत्र में अस्पताल, पुल, सड़क और विद्यालय निर्माण जैसे कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने सभी को होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post