मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के बिलखेत में आयोजित नयार वैली फेस्टिवल का शुभारंभ किया। इस आयोजन के साथ नयार घाटी की पर्यटन, संस्कृति और साहसिक गतिविधियों को नई पहचान देने की पहल शुरू हुई।
मुख्यमंत्री ने नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना तथा विभिन्न विकासखंडों में धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों की घोषणा की। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर उन्होंने योजनाओं की प्रगति जानी और महिला एवं समाज कल्याण विभाग के लाभार्थियों को किट व उपकरण वितरित किए।
इस अवसर पर पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बैलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग और जिपलाइन सहित कई एडवेंचर गतिविधियों का फ्लैग ऑफ किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी को होली की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जनपद में एनआईटी श्रीनगर, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, एनसीसी अकादमी, सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और अन्य बुनियादी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है। सरकार का लक्ष्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और राज्य के संतुलित व सतत विकास को सुनिश्चित करना है।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि नयार वैली फेस्टिवल उत्तराखंड को एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विधायक राजकुमार पोरी ने आयोजन को जनपद के लिए नई पहचान बताते हुए इसे स्थायी रूप से आयोजित करने का अनुरोध किया।
जिला प्रशासन द्वारा सुव्यवस्थित रूप से आयोजित इस महोत्सव में एक ही मंच पर अनेक गतिविधियों का सफल संचालन कर प्रभावी प्रबंधन का उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post