चौकी बाईपास क्षेत्र में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक व्यक्ति की जान बच गई। एक व्यक्ति ने चौकी बाईपास पहुंचकर सूचना दी कि उनके जीजा ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फांसी लगा ली है और खिड़की से वह फंदे पर लटके हुए दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही चीता पुलिस कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे।
सचिवालय कॉलोनी के सामने कृष्णा विहार स्थित घर के बाहर काफी संख्या में लोग एकत्रित थे और कमरे की खिड़की से एक व्यक्ति फंदे पर लटका हुआ दिखाई दे रहा था। पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए कमरे के लोहे के दरवाजे को हाथों और लोहे की रॉड की मदद से तोड़ा और व्यक्ति को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद सूझबूझ दिखाते हुए मौके पर ही उसे सीपीआर दिया गया, जिससे उसकी सांसें वापस लौट आईं।
पुलिस कर्मियों ने एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना घायल व्यक्ति को अपनी सरकारी मोटरसाइकिल से तुरंत नजदीकी कनिष्क अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने समय रहते उपचार देकर उसकी जान बचा ली।
पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से व्यक्ति को नया जीवन मिल सका। मौके पर मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की सूझबूझ और तत्परता की सराहना करते हुए उनकी कार्यशैली की प्रशंसा की।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post