एसपी देहात जया बलूनी ने आज ऋषिकेश स्थित अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन की कार्यप्रणाली, जीवन रक्षक उपकरणों और आपदा प्रबंधन की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण ने फायर स्टेशन में मौजूद सभी अग्निशमन वाहनों, संचार प्रणालियों और सुरक्षा मानकों की जांच की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आपदा के समय तकनीक और संसाधनों का सही समय पर काम करना अनिवार्य है। इसके साथ ही कर्मचारियों की उपस्थिति और प्रशिक्षण रिकॉर्ड का अवलोकन भी किया। उपकरणों के नियमित परीक्षण और उनके बेहतर रख-रखाव पर विशेष बल दिया। एसपी ने बताया कि आपातकालीन स्थितियों में रिस्पॉन्स टाइम को कम करने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी ग्रामीण ने विषम परिस्थितियों में जान-माल की रक्षा करने वाले फायर कर्मियों के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अग्निकांड और आपदा जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए संसाधनों का हर समय क्रियाशील रहना आवश्यक है। इस अवसर पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील दत्त तिवारी सहित फायर स्टेशन का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post