मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की चौथी बैठक में राज्य की प्रमुख अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा कॉरिडोर परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए और आगामी छह माह में धरातल पर स्पष्ट प्रगति दिखाई देनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूआईआईडीबी का उद्देश्य राज्य में निवेश को बढ़ावा देना और आधारभूत संरचना को मजबूत करना है। इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय, कार्यों का सरलीकरण और समयबद्ध क्रियान्वयन आवश्यक है। उन्होंने हर परियोजना के लिए तय समयसीमा निर्धारित करने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए।
शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने भूमि उपलब्धता के साथ-साथ भूस्खलन की संवेदनशीलता का अध्ययन कर आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने को कहा। उन्होंने बताया कि नदी किनारे घाटों के सौंदर्यीकरण और विकास से श्रद्धालुओं व पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
आगामी कुंभ को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने गंगोत्री से हरिद्वार तक गंगा की स्वच्छता, घाटों के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इन योजनाओं से उत्तराखंड को निवेश और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी तथा धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post