मुनस्यारी के सामुदायिक पुस्तकालय ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुस्तकालय में नियमित अध्ययन करने वाले तीन विद्यार्थी उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल पद पर चयनित हुए हैं। इस सफलता से पूरे सीमांत क्षेत्र में खुशी की लहर है। होली के बाद तीनों युवाओं को पुस्तकालय में सम्मानित किया जाएगा।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगत सिंह मर्तोलिया ने अपनी निधि से मुनस्यारी सहित 10 स्थानों पर लगभग 49 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक पुस्तकालयों की स्थापना के लिए फर्नीचर और प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें उपलब्ध कराई हैं।
पुस्तकालय में अध्ययनरत ग्राम पंचायत कुलथम के जगदीश सिंह बघरी, गिनी के हरीश सिंह राणा और ढूनामानी के नकुल सिंह भंडारी ने नियमित तैयारी कर परीक्षा उत्तीर्ण की और सीधे भर्ती में सफलता पाई। ये तीनों इस पुस्तकालय से चयनित होने वाले पहले विद्यार्थी हैं।
सामुदायिक पुस्तकालय की अवधारणा के जनक और ‘सोसायटी फॉर एक्शन इन हिमालया’ के अध्यक्ष जगत सिंह मर्तोलिया ने इसे क्षेत्र के लिए सुखद क्षण बताया। उन्होंने कहा कि अप्रैल तक सभी दस पुस्तकालय पूर्ण रूप से संचालित हो जाएंगे। सीमांत क्षेत्र के युवाओं को सरकारी रोजगार और स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने हेतु पुस्तकालय को शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
Reported By: Arun sharma












Discussion about this post