आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए परिवहन विभाग की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विभाग 16 अप्रैल से प्रमुख स्थानों पर चेक पोस्ट संचालित करने जा रहा है।
मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री और जिलाधिकारी के निर्देश पर आशारोड़ी, कटा पत्थर, कोठाल गेट, हर्बतपुर, ऋषिकेश, सत्यनारायण, तपोवन, भद्रकाली और सोनप्रयाग में चेक पोस्ट स्थापित किए जा रहे हैं। इन सभी चेक पोस्ट को वाई-फाई सुविधा से लैस किया गया है, जहां ग्रीन कार्ड, ट्रिप कार्ड और वाहनों की सघन जांच की जाएगी ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
यात्रा की निगरानी के लिए प्रवर्तन टीमें भी सक्रिय रहेंगी, जो वाहनों की तकनीकी फिटनेस, आवश्यक दस्तावेज और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच करेंगी। ऋषिकेश को यात्रा का प्रमुख केंद्र मानते हुए यहां एक केंद्रीकृत कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है। श्रद्धालु टोल फ्री नंबर 0135-2743432 पर संपर्क कर अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी के अनुसार, विभाग की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और 16 अप्रैल से सभी चेक पोस्ट पूरी तरह सक्रिय हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि 30 मार्च से शुरू हुई ग्रीन कार्ड प्रक्रिया के तहत अब तक 1500 से अधिक ग्रीन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। हरिद्वार के साथ-साथ रुड़की और आशारोड़ी में भी ग्रीन कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिससे प्रक्रिया को और सरल बनाया गया है।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए हर्बर्टपुर बस अड्डा और ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप पर विशेष चेकिंग की जाएगी। यहां बसों की पूर्व जांच सुनिश्चित की जाएगी, जिससे आगे कटा पत्थर, भद्रकाली और तपोवन क्षेत्रों में जाम की स्थिति से बचा जा सके।
इसके अलावा, लंबी दूरी से आने वाले वाहन चालकों की सुविधा के लिए आशारोड़ी और नारसन बॉर्डर पर रेस्ट पॉइंट विकसित किए जा रहे हैं, जहां बेड और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए बॉर्डर क्षेत्रों में अत्याधुनिक एएनपीआर कैमरे भी सक्रिय कर दिए गए हैं। भद्रकाली, तपोवन, कटा पत्थर और नारसन जैसे प्रमुख स्थानों पर ये कैमरे वाहनों की निगरानी करेंगे, जिससे पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो सकेगी।
प्रशासन का लक्ष्य है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यात्रा का अनुभव मिले, जिसके लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार हैं।
संभागीय परिवहन अधिकारी-संदीप सैनी
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post