रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल और मानक अध्यक्ष राकेश सिंह ने उन्हें याद करते हुए कहा कि राजीव गांधी भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्रियों में से एक थे जिन्होंने देश को आधुनिक तकनीक, कंप्यूटर शिक्षा और संचार सुधारों की दिशा में आगे बढ़ाया।
उन्होंने 1986 में राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू कर शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया और युवाओं की शक्ति पर भरोसा जताते हुए भारत को 21वीं सदी की ओर ले जाने का संकल्प लिया।
वरिष्ठ कांग्रेसी मदन मोहन शर्मा और अरविंद जैन ने कहा कि राजीव गांधी ने पंचायती राज सुधारों के जरिए स्थानीय निकायों को अधिक अधिकार दिए और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को मजबूत किया। उन्होंने संचार क्रांति की नींव रखकर टेलीफोन और सड़क व्यवस्था को आमजन तक पहुंचाया।
21 मई 1991 को उनकी हत्या कर दी गई, लेकिन मरणोपरांत उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी को हमेशा एक ऐसे दूरदर्शी नेता के रूप में याद किया जाएगा जिन्होंने भारत को आधुनिक विश्व से जोड़ा।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post