विकासखंड बहादराबाद की न्याय पंचायत बहादुरपुर जट स्थित नेहरू मेमोरियल जूनियर हाई स्कूल में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” शिविर में 2176 क्षेत्रवासियों ने सहभागिता की। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीपेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं से 768 लोगों को लाभान्वित किया गया तथा 187 लोगों को विभिन्न प्रमाण पत्र जारी किए गए।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 94 समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 29 का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष समस्याओं को संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के लिए भेजा गया। भूमि विवाद, अतिक्रमण, बिजली बिल, जलभराव, चकरोड़ और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री स्तर के उपाध्यक्ष समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति देशराज कर्णवाल और पूर्व कैबिनेट मंत्री यतीश्वरानंद ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यह अभियान आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post