कृषि मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को अपने कुमाऊँ दौरे के दौरान अल्मोड़ा जिले के धौलादेवी ब्लॉक स्थित भगरतौला गांव का भ्रमण किया, जहाँ ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। मंत्री ने चौपाल के माध्यम से किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं और पॉलीहाउस क्लस्टर का स्थलीय निरीक्षण किया।
ग्रामीणों ने अवगत कराया कि जिला योजना एवं उद्यान विभाग द्वारा स्थापित 100 से अधिक पॉलीहाउसों में आलू, शिमला मिर्च, गोभी, धनिया, मैथी सहित विभिन्न सब्जियों की खेती हो रही है, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। मंत्री जोशी ने किसानों के कार्यों की सराहना करते हुए सैम देवता समूह की लखपति दीदियों से भी बातचीत की और उनके स्व–रोजगार एवं महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की प्रशंसा की।
किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं—जंगली जानवरों का आतंक, फेसिंग भुगतान और पॉलीहाउस की पन्नी बदलने—पर मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके बाद मंत्री ने नैनपड़ चाय बागान, नैनी गांव तथा तरुला गांव का भी दौरा किया, जहाँ उन्होंने किसानों की समस्याएँ सुनीं और अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। नैनी गांव में पानी लिफ्टिंग योजना बनाने के निर्देश दिए गए तथा किसानों को कृषि यंत्र भी वितरित किए।
मंत्री जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी कृषि और उद्यान योजनाओं को न्याय पंचायत स्तर तक पहुँचाने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएँ, ताकि अंतिम पायदान तक लाभ सुनिश्चित हो सके।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post