राजधानी देहरादून में बढ़ते यातायात दबाव और सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) आधारित स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया जा रहा है। इसके तहत एआइ आधारित ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे, जो नियम उल्लंघन करते ही वाहन चालकों का ऑनलाइन चालान स्वतः जनरेट कर वाहन स्वामी के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेज देंगे। जल्द ही शहर के प्रमुख तिराहों और चौराहों पर इसका ट्रायल शुरू किया जाएगा।
फिलहाल यातायात पुलिस द्वारा रेड लाइट वायलेशन डिटेक्शन (आरएलवीडी) और स्पीड वायलेशन डिटेक्शन (एसवीडी) कैमरों के जरिए रेड लाइट जंप और ओवरस्पीड के चालान किए जा रहे हैं। नए एआइ सिस्टम के लागू होने के बाद रेड लाइट जंप, ओवर स्पीड, गलत लेन, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट, लेफ्ट टर्न फ्री न देना, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न होना और जेब्रा क्रॉसिंग के आगे वाहन खड़ा करने जैसे उल्लंघनों पर तुरंत चालान कटेगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इससे चालानों की संख्या में बड़ा इजाफा होगा। वर्तमान में कैमरों के माध्यम से प्रतिमाह लगभग 10 हजार चालान होते हैं, जबकि एआइ सिस्टम शुरू होने के बाद इतनी संख्या में चालान एक ही दिन में कटने की संभावना है।
इस संबंध में देहरादून यातायात पुलिस उपाधीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ट्रायल शुरू किया जाएगा और यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जगदीश चंद्र यातायात पुलिस उपाधीक्षक देहरादून
Reported By: Rajesh Kumar












Discussion about this post