मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को विधानसभा में पुरोला के पूर्व विधायक स्वर्गीय राजेश जुवांठा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि जुवांठा एक युवा, ऊर्जावान और जनसरोकारों के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि थे, जिन्होंने अपने क्षेत्र की समस्याओं को सदन में मजबूती से उठाया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 7 जुलाई 1977 को उत्तरकाशी के पुरोला में जन्मे राजेश जुवांठा को जनसेवा के संस्कार परिवार से मिले थे। उनके पिता स्व. बर्फिया लाल जुवांठा उत्तर प्रदेश सरकार में पर्वतीय विकास मंत्री रहे, जबकि उनकी माताजी शांति जुवांठा विकासनगर नगर पालिका की दो बार अध्यक्ष रहीं।
उन्होंने कहा कि राजेश जुवांठा ने 2002 से 2007 तक क्षेत्र पंचायत सदस्य के रूप में कार्य किया और 2007 में पुरोला से विधायक निर्वाचित हुए। विधायक रहते हुए उन्होंने जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया और विभिन्न समितियों में सदस्य के रूप में भी योगदान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 दिसंबर 2025 को हृदयगति रुकने से 48 वर्ष की आयु में उनका असमय निधन हो गया। सदन की ओर से दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post