
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर उत्तराखंड में प्रतिबंधित व संदिग्ध कफ सिरप की बिक्री रोकने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफ.डी.ए.) ने प्रदेशव्यापी अभियान शुरू किया है। सभी जिलों में मेडिकल स्टोर्स, थोक विक्रेताओं और अस्पतालों से सैंपल लेकर प्रयोगशालाओं को भेजे जा रहे हैं। अब तक 63 नमूने जांच हेतु भेजे जा चुके हैं।
देहरादून में पत्रकारवार्ता में अपर आयुक्त व ड्रग कंट्रोलर ताजवर सिंह जग्गी ने बताया कि राजस्थान और मध्य प्रदेश में बच्चों पर कफ सिरप के दुष्प्रभाव के बाद यह कदम एहतियातन उठाया गया है। उन्होंने जनता से अपील की कि बिना चिकित्सक की सलाह के बच्चों को दवा न दें और घर में रखी पुरानी या खुली दवाइयाँ सुरक्षित रूप से नष्ट करें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री लगातार अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही दीपावली को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों पर भी सख्त निगरानी की जा रही है।
एफ.डी.ए. ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सरकार गुणवत्तापूर्ण औषधि और शुद्ध खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post