सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्यामपुर स्थित गाजीवाली (परिवर्तित नाम आर्यनगर) में आयोजित मुख्य सेवक जन चौपाल में स्पष्ट किया कि क्षेत्र का नाम परिवर्तन हो चुका है और अब इसे आर्यनगर ही कहा व लिखा जाए। उन्होंने मंच से वक्ताओं व प्रशासनिक अधिकारियों को संबोधन और लेखन में नए नाम के प्रयोग के निर्देश दिए तथा गाजीवाली कहे जाने पर आपत्ति जताई।
सीएम ने कहा कि जब नाम परिवर्तन की घोषणा हो चुकी है तो शासनादेश की चिंता अधिकारी करें, आमजन व जनप्रतिनिधि आर्यनगर नाम का ही प्रयोग करें। कार्यक्रम में उनसे पूर्व स्वामी यतीश्वरानंद और महामंडलेश्वर हरिचेतनानंद गिरी सहित कई वक्ताओं ने पुराने नाम का उल्लेख किया था।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में किसी भी प्रकार का “जिहाद” बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यूसीसी, नकल विरोधी कानून जैसे फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की संस्कृति और संस्कारों को विरूपित करने वाली गतिविधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा। यूसीसी के तहत लिव-इन संबंधों के पंजीकरण को बेटियों की सुरक्षा से जोड़ते हुए उन्होंने इसे आवश्यक कदम बताया।
सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड को देश के अग्रणी और विकसित राज्यों में शामिल करने की दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post