इसे भी पढ़ें
भारतीय सर्व समाज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तराखंड के पूर्व दर्जा राज्य मंत्री रामकुमार वालिया के आवास पर एक विशाल सर्व समाज दिवाली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में उत्तराखंड सरकार के कई पूर्व एवं वर्तमान दर्जा राज्य मंत्री, विभिन्न समाजों के प्रदेश अध्यक्ष सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों को दीपावली का उपहार भेंट किया गया और विभिन्न समुदायों के समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। सभा को संबोधित करते हुए वालिया ने बताया कि महासंघ आज देश की एक प्रमुख सामाजिक संस्था बन चुकी है, जिसके देशभर में 5 लाख से अधिक सदस्य हैं, जिनमें से केवल उत्तराखंड में ही 50,000 सदस्य सेवा कार्यों में सक्रिय हैं।
उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा देशभर में त्योहारों को एकता और भाईचारे के संदेश के साथ मनाया जाता है। इसी क्रम में दिल्ली और अन्य प्रदेशों के साथ-साथ आज देहरादून में भी यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री शादाब शम्स ने कहा कि यह आयोजन यह साबित करता है कि उत्तराखंड में सभी धर्मों और जातियों के लोग एकजुटता के साथ रहते हैं और त्योहारों को मिलजुलकर मनाते हैं।
वहीं दर्जा राज्य मंत्री देशराज करनवाल ने कहा कि वे स्वयं महासंघ के राष्ट्रीय सलाहकार हैं और संगठन के माध्यम से देशभर में समाज कल्याण के कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने श्री वालिया के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि संस्था शीघ्र ही उत्तराखंड में जनकल्याण की नई योजनाएं शुरू करेगी।
यह आयोजन सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक बनकर उभरा, जिसमें सभी समुदायों की भागीदारी ने विविधता में एकता का संदेश दिया।












Discussion about this post