गंगोत्री/उत्तरकाशी में सुरेश चौहान और सुपर नोडल अधिकारी/एडीएम मुक्ता मिश्र ने अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर चार धाम यात्रा की तैयारियों का जायज़ा लिया। इस दौरान जिला मुख्यालय से लेकर गंगोत्री धाम तक विभिन्न पड़ावों पर यात्रियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं और सड़क मार्गों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उजेली और गंगोरी में क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों की मरम्मत, सड़क किनारे पड़े मलबे को हटाने और नाली निर्माण के निर्देश दिए गए। भटवाड़ी क्षेत्र में आपदा प्रभावित सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए वायर क्रेट लगाने और सड़क चौड़ीकरण के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रा के दौरान जाम की समस्या न हो। लिमच्यागाड़ में धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्यों पर नाराजगी जताते हुए तेजी लाने को कहा गया, जबकि डबरानी में भूस्खलन जोन के उपचार और सुरक्षात्मक कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए।
विधायक ने हर्षिल, तेलगाड़ और धराली क्षेत्रों में भी निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी यात्रा पड़ावों पर बिजली और पेयजल की निर्बाध आपूर्ति, शौचालयों की नियमित सफाई और पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही गंगोत्री धाम में मंदिर समिति और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके।
विधायक सुरेश चौहान
Reported By: Gopal Nautiyal












Discussion about this post