देहरादून: कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी और कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की सदस्य कुमारी शैलजा ने आज राजधानी देहरादून में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। कुमारी शैलजा ने केंद्र सरकार पर मनरेगा (MGNREGA) जैसी जनकल्याणकारी योजना को खत्म करने की साजिश रचने का आरोप लगाया और इसके विरोध में उत्तराखंड में बड़े आंदोलन की रूपरेखा पेश की।
“मनरेगा ने गरीबों को दी ताकत, भाजपा छीन रही अधिकार”
कुमारी शैलजा ने कहा कि यूपीए (UPA) सरकार के समय मनरेगा को ग्रामीण क्षेत्रों के गरीबों को रोजगार की गारंटी देने के उद्देश्य से लागू किया गया था। इस योजना ने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला और उनके हाथों में काम दिया। शैलजा ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार अब इस योजना को खत्म करने की नीतियां बना रही है, जिससे गरीबों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने लोगों को मान-सम्मान और अधिकार दिया, जबकि भाजपा सरकार अधिकार छीनने का काम कर रही है।”
कांग्रेस का ‘मनरेगा बचाओ’ आंदोलन: पूरा शेड्यूल
केंद्र की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस जनवरी और फरवरी माह में सड़कों पर उतरेगी। आंदोलन का विस्तृत कार्यक्रम इस प्रकार है:
10 जनवरी: प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तर पर प्रेस वार्ता।
11 जनवरी: जिला मुख्यालयों पर एक दिवसीय अनशन।
11 से 29 जनवरी: पंचायत स्तर पर ‘ग्रामीण चौपाल’ का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
30 जनवरी: वार्ड स्तर पर धरना प्रदर्शन।
31 जनवरी से 6 फरवरी: पूरे प्रदेश में ‘मनरेगा बचाओ’ धरना कार्यक्रम।
7 फरवरी से 15 फरवरी: विधानसभा घेराव (जल्द ही तिथि निर्धारित की जाएगी)।
अंकिता भंडारी केस: “सत्ता पक्ष के लोग शामिल, CBI जांच जरूरी”
प्रेस वार्ता के दौरान कुमारी शैलजा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड से पूरे राज्य की भावनाएं आहत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई संवेदनशील मामलों में सत्ता पक्ष के लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है, जिसे दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
कुमारी शैलजा ने स्पष्ट किया कि विपक्ष के नाते जनता की आवाज उठाना हमारा कर्तव्य है और कांग्रेस इस मुद्दे को तब तक उठाएगी जब तक न्याय नहीं मिल जाता। उन्होंने एक बार फिर इस पूरे प्रकरण की CBI जांच कराने की पुरजोर मांग की।
Reported By : Arun Sharma












Discussion about this post