ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) देहरादून में आयोजित पंद्रह दिवसीय ‘सक्षम’ संरक्षण अभियान का समापन हुआ। 1 से 15 फरवरी तक कौलागढ़ स्थित ओएनजीसी सभागार में चले इस अभियान के दौरान “तेल व गैस बचाओ, हरित ऊर्जा अपनाओ” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
अभियान के अंतर्गत ऊर्जा दक्षता, ईंधन संरक्षण और पर्यावरण संतुलन पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। घरेलू उपयोग, परिवहन, उद्योग और कृषि क्षेत्र में ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्रमुख वन संरक्षक (सेवानिवृत्त) जयराज ने ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए सतत जीवनशैली अपनाने की अपील की। बेसिन मैनेजर डॉ. आर. एस. टंडन ने छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े परिणाम संभव होने की बात कही, वहीं मुख्य महाप्रबंधक नीरज कुमार शर्मा ने ऊर्जा संरक्षण को राष्ट्रीय आर्थिक मजबूती से जोड़ा।
अभियान के तहत निःशुल्क पीयूसी जांच, एलपीजी सुरक्षा कार्यशालाएं और तकनीकी संगोष्ठियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने ऊर्जा संरक्षण की शपथ ली और प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
Reported By: Crime Petrol












Discussion about this post