भाजपा ने दायित्वधारी कर्नल अजय कोठियाल द्वारा थराली आपदा संबंधी दिए गए बयानों पर स्पष्ट किया है कि सरकार ने राहत और बचाव कार्य पूरी गंभीरता एवं उपलब्ध संसाधनों के साथ संपन्न किए हैं। पार्टी ने कहा कि कर्नल कोठियाल एक अनुभवी रेस्क्यू विशेषज्ञ हैं, इसलिए उनके कथनों को गंभीरता से लेकर तथ्यों की समीक्षा की जाएगी।
पार्टी मुख्यालय में वरिष्ठ विधायक एवं प्रवक्ता विनोद चमोली ने कहा कि आपदा के दौरान वास्तविक आंकड़ों का संकलन बेहद चुनौतीपूर्ण होता है, जैसा कि केदारनाथ त्रासदी में भी देखा गया था। राहत कार्यों में लगे दल, प्रशासन, स्थानीय लोग और परिजनों से मिली सूचनाओं को समेकित कर ही अंतिम आंकड़े तैयार किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि कर्नल कोठियाल ने एक सैनिक की भांति जो देखा-समझा, सीधे तौर पर कह दिया, परंतु कई प्रशासनिक व व्यवहारिक पहलुओं का उल्लेख तुरंत संभव नहीं हो पाया। पार्टी नेतृत्व उनसे बातचीत कर विस्तृत आधार जानेगा और आवश्यकता पड़ने पर सरकार को सुझाव भी देगा।
विनोद चमोली ने विपक्ष से आग्रह किया कि बिना पूरी जानकारी के अनर्गल बयानबाजी न की जाए। यदि उनके पास कोई ठोस तथ्य हैं तो उन्हें औपचारिक प्रक्रिया से प्रस्तुत करना चाहिए, ताकि आपदा प्रबंधन में और सुधार लाया जा सके।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post