मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद में “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” अभियान के तहत न्याय पंचायत जिब्या में जन सेवा शिविर आयोजित किया गया। विकासखंड चिन्यालीसौड़ के इंटर कॉलेज कोटधार में आयोजित शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने की, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और उनका त्वरित समाधान किया।
शिविर में कुल 107 लिखित शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 82 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष जटिल मामलों में संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र में बैंक शाखा खोलने की मांग उठाई गई, जिस पर सहकारी विभाग ने आरबीआई से स्वीकृति मिलते ही अग्रिम कार्यवाही की जानकारी दी।
शिविर के दौरान दिव्यांग पेंशन, सड़क कटान, कृषि भूमि क्षति जैसी समस्याओं पर भी तत्काल संज्ञान लिया गया। जिलाधिकारी ने दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी कर पेंशन की प्रक्रिया शुरू कराने और सड़क कटान के मामलों में लोक निर्माण विभाग को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
विभिन्न विभागों द्वारा प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, कृषि यंत्र, स्वास्थ्य परीक्षण, बीमा, ऋण, विद्युत संयोजन सहित सैकड़ों लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने 210 लोगों की जांच कर दवाइयां वितरित कीं, जबकि आयुष विभाग ने 100 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके द्वार पर उपलब्ध कराना है, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
Reported By: Gopal Nautiyal












Discussion about this post