थाना रानीपोखरी पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया माल बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक नागाघेर रानीपोखरी निवासी स्वामी उमेश योगी, ऋषिकेश स्कूल ऑफ योगा, तपोवन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर के पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर से सामान चोरी कर लिया है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया। पुलिस टीम द्वारा की जा रही लगातार घेराबंदी के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी देव मण्डल निवासी मायाकुण्ड, ऋषिकेश, मूल निवासी नानकमत्ता, ऊधम सिंह नगर को पेट्रोल पंप के पास नागाघेर से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने देव मण्डल के पास से चोरी किया गया 1 सीलिंग पंखा, 3 स्टील नल की टोंटी, 3 लोहे की टोंटी बरामद की है। थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह खोलिया ने बताया कि पकड़े गए आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया जहां कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post