उत्तराखंड सरकार के पूर्व राज्य मंत्री एवं मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह आनंद ने किसान नेता राकेश टिकैत से उनके मुजफ्फरनगर स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों में किसानों की वर्तमान स्थिति, उनकी जमीनी समस्याओं और कृषि नीतियों पर गंभीर चर्चा की गई।
रविंद्र सिंह आनंद ने उत्तराखंड के किसानों की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाते हुए गन्ना किसानों के लंबित भुगतान को एक सप्ताह के भीतर करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के हित में केवल घोषणाएं कर रही है, जबकि बढ़ती कृषि लागत के अनुपात में न तो उपज का उचित मूल्य मिल रहा है और न ही प्रभावी सरकारी सहायता।
किसान नेता राकेश टिकैत ने भी उत्तराखंड के किसानों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए उनके अधिकारों की रक्षा के लिए समर्थन का आश्वासन दिया। बैठक में कर्ज मुक्ति, फसल का उचित मूल्य, कृषि नीति में सुधार और किसान हित में संयुक्त प्रयासों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post