राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से मंगलवार को राजभवन में रीच संस्था के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर देहरादून में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले विरासत महोत्सव के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया। संस्था ने अवगत कराया कि वह वर्ष 1995 से लगातार इस प्रतिष्ठित महोत्सव का आयोजन कर रही है, जो अब 30 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा पूरी कर चुका है। पदाधिकारियों ने बताया कि विरासत महोत्सव में देश-विदेश से कलाकारों, उद्यमियों और दर्शकों की सक्रिय भागीदारी रहती है और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं तथा वर्तमान चुनौतियों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई।
राज्यपाल ने विरासत महोत्सव को हमारी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक बताते हुए इसके संरक्षण और नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने 30 वर्षों से लगातार हो रहे इस आयोजन के लिए संस्था के प्रयासों की सराहना की। साथ ही कहा कि किसी भी बड़े सांस्कृतिक आयोजन के लिए वित्तीय मजबूती आवश्यक है, जिसके लिए सीएसआर, उद्यमियों और सरकारी संस्थानों से सहयोग बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने ओएनजीसी सहित अन्य संस्थाओं को संभावित भागीदार बताया।
राज्यपाल ने युवाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि इससे नई पीढ़ी अपनी विरासत और संस्कृति से और गहराई से जुड़ सकेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे अपने स्तर से भी विरासत महोत्सव के सुचारू एवं निरंतर आयोजन के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post