उत्तरकाशी में ऐतिहासिक, पौराणिक एवं धार्मिक माघ मेला (बड़ाहाट कु थौलू) की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों और मेला समिति के पदाधिकारियों के साथ मेला आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों के सुझाव लिए गए।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि माघ मेले के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है और प्रत्येक समिति को उसकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। उन्होंने स्नान घाटों, चेंजिंग रूम, बिजली, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। साथ ही उन्होंने जन सहभागिता के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को मेले से जोड़ने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि माघ मेला क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति, पौराणिक परंपराओं और धार्मिक महत्व को देश-प्रदेश तक पहुंचाने का माध्यम है। मां यमुना और मां गंगा की पावन भूमि पर आयोजित यह मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा है, जिसका संरक्षण और संवर्धन आवश्यक है। मेला आयोजन के जरिए नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत मोनिका भंडारी ने बताया कि इस वर्ष माघ मेले के सफल संपादन के लिए कुल 13 समितियों का गठन किया गया है, जिन्हें विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं।
Reported By: Gopal Nautiyal












Discussion about this post