देहरादून में राजपुर विधानसभा क्षेत्र के अमरीक हॉल में “अटल सुशासन सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन, राष्ट्रनिर्माण और वैचारिक दृष्टिकोण को जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने “राष्ट्रनिर्माण का अटल मॉडल” विषय पर विचार रखते हुए कहा कि अटल जी का नेतृत्व संवाद, सहमति और सर्वसमावेशी विकास पर आधारित था, जिसे आज मोदी सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र के साथ आगे बढ़ा रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल ने अटल जी के व्यक्तित्व, सादगी और दूरदर्शी निर्णयों पर प्रकाश डालते हुए पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज और सशक्त विदेश नीति को उनकी उपलब्धियां बताया।
राजपुर विधायक खजान दास ने कहा कि अटल जी के सुशासन की अवधारणा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत के संकल्प के साथ साकार कर रहे हैं, जिसका लक्ष्य 2047 तक आत्मनिर्भर और सशक्त भारत बनाना है। कार्यक्रम में युवाओं से अटल विचारों को अपनाने और राष्ट्रसेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।
Reported By: Shiv Narayan












Discussion about this post