इसे भी पढ़ें
7 से 11 मार्च 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय न्याय संहिता प्रदर्शनी के दूसरे दिन हरिद्वार में कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में जनपद के लगभग 24 विद्यालयों के करीब 2000 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर न्याय संहिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
इस दौरान सीबीआई देहरादून शाखा के डीआईजी मनीष वी सुर्ति के नेतृत्व में 12 सदस्यीय दल ने भी प्रदर्शनी का भ्रमण किया और विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से न्याय प्रणाली से संबंधित जानकारी हासिल की। उन्होंने पुलिस, अभियोजन, फॉरेंसिक और कारागार विभागों द्वारा लगाए गए तकनीकी स्टॉलों की सराहना की।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों और आम जनता को भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी सरल और रोचक तरीके से दी गई। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव और बच्चों से संबंधित अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में लाइव नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से कानून की जानकारी दी गई, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा। कुल मिलाकर करीब 3000 लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उत्तराखंड पुलिस ने जनता से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में शामिल होकर न्याय संहिता की जानकारी लेने की अपील की है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post