विकासनगर में जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने प्रेसवार्ता कर घटिया/मिलावटी नमक प्रकरण पर सरकार और खाद्य मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए। नेगी ने कहा कि सरकारी सिस्टम द्वारा सील बंद पैकेट में जो नमक राशन विक्रेताओं को दिया गया, वही उन्होंने उपभोक्ताओं तक पहुँचाया। ऐसे में दोषारोपण का सीधा ठीकरा विक्रेताओं पर फोड़ना अनुचित है।
नेगी ने कहा कि वास्तविक जिम्मेदारी उन लोगों की है जिनके इशारे पर घटिया नमक खरीदा गया। उनका आरोप है कि खाद्य मंत्री के निर्देश पर नमक खरीद में मिलीभगत और कमीशनखोरी हुई, लेकिन नोटिस जारी राशन विक्रेताओं और अन्य कर्मचारियों को किए गए हैं—जबकि मंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि जन संघर्ष मोर्चा पहले ही अघुलनशील और घटिया नमक वितरण के जोखिमों पर सरकार और खासकर खाद्य मंत्री को चेतावनी दे चुका है, मगर इसके बावजूद जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया गया। नमक सप्लाई करने वाली कंपनी गंधार फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी तो हुए हैं, लेकिन मंत्री को नोटिस कब भेजा जाएगा, यह बड़ा सवाल है।
मोर्चा ने सरकार से मांग की कि खाद्य मंत्री की कथित मिलीभगत और कमीशनखोरी की जांच की जाए तथा राशन विक्रेताओं को जारी नोटिस तत्काल वापस लिए जाएँ।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post