उत्तराखंड के डीजीपी दीपम सेठ के निर्देश के बाद ऋषिकेश कोतवाली पुलिस बाहरी लोगों का सत्यापन करने के लिए अलर्ट मोड पर नजर आ रही है। आज तड़के पुलिस की दो टीम मायाकुंड के बंगाली बस्ती और आईडीपीएल के मीरा नगर पहुंची।
यहां पुलिस को सुबह-सुबह दरवाजे पर देख लोगों के माथे ठनके, लेकिन पुलिस ने जब अपने आने का मकसद बताया तो लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने एक के बाद एक घरों के दरवाजे खटखटाये और उनके वहां रहने वाले किराएदारों के बारे में सत्यापन की पूरी जानकारी ली। किराएदार कहां से आए हैं क्या करते हैं कितने समय से रह रहे हैं और अभी तक उनका पुलिस वेरिफिकेशन हुआ है या नहीं, यह सारी जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने रजिस्टर मेंटेन किया।
मौके पर दोनों जगह 6 किराएदार बिना पुलिस वेरिफिकेशन के रहते हुए पकड़े गए हैं। जिनके खिलाफ पुलिस ने चालान काट जुर्माना लगाने की कार्रवाई की है। इसके अलावा मकान मालिकों को लापरवाही के लिए फटकार भी लगाई है। पुलिस का कहना है कि बिना वेरिफिकेशन के किराएदार रखने वाले मकान मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भविष्य में भी की जाती रहेगी।
यह सत्यापन अभियान पूरे शहर में समय-समय पर आगे चलाया जाता रहेगा। पुलिस ने मकान मालिकों से सत्यापन के बाद किराएदार रखने और दुकानदारों से सत्यापन के बाद कर्मचारी रखने की अपील की है।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post