विश्व प्रसिद्ध श्री गंगोत्री धाम के कपाट बुधवार, 22 अक्टूबर 2025 को अन्नकूट पर्व पर प्रातः 11:36 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस अवसर पर देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा जी की उत्सव मूर्ति के दर्शन कर पूजा-अर्चना में भाग लिया।
कपाटबंदी के बाद गंगा जी की मूर्ति को डोली में बिठाकर मुखवा गांव के लिए रवाना किया गया। डोली यात्रा में तीर्थ पुरोहितों के साथ लोक वाद्य यंत्रों और आर्मी बैंड की धुनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। डोली आज रात्रि में चंडी देवी मंदिर, मार्कण्डेय पुरी में प्रवास करेगी और भैयादूज पर मुखवा (मुखीमठ) पहुंचेगी, जहां गंगा जी की मूर्ति शीतकाल के लिए गंगा मंदिर में विराजमान होगी। इस बार कपाटोद्घाटन से कपाटबंदी तक कुल 7,57,010 तीर्थयात्रियों ने गंगोत्री धाम में दर्शन किए।
उधर, श्री यमुनोत्री धाम के कपाट भी 23 अक्टूबर 2025 को भैयादूज के पर्व पर अपराह्न 12:30 बजे बंद किए जाएंगे। शीतकाल में यमुना जी की उत्सव मूर्ति खरसाली गांव स्थित यमुना मंदिर में विराजमान रहेगी, जहां श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
Reported By: Gopal Nautiyal












Discussion about this post