विकासनगर में जन संघर्ष मोर्चा कार्यकर्ताओं ने मोर्चा अध्यक्ष एवं उत्तराखंड राज्य भंडारागार निगम कर्मचारी संगठन के संरक्षक रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत की नाकामी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मंत्री पर कार्मिकों के हितों की अनदेखी, विभागीय कार्यों में विफलता और केवल निजी हित साधने के आरोप लगाते हुए उनकी बर्खास्तगी की मांग की।
मोर्चा ने तहसील का घेराव कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन पेशकार सरिता जोशी को सौंपा। नेगी ने आरोप लगाया कि भंडारागार निगम के कार्मिकों को सातवें वेतनमान का लाभ देने की फाइल चार साल से शासन में लंबित है, जबकि विभागीय ढांचे से जुड़ी फाइलें भी ठंडे बस्ते में हैं। उनका कहना है कि निगम लाभ में होने के बावजूद कर्मचारियों को उनका हक नहीं मिल रहा, जिससे उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ रही है।
नेगी ने सवाल उठाया कि जब हर मामले में न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाना पड़ रहा है, तो विभागीय मंत्री की आवश्यकता ही क्या है। उन्होंने कहा कि मंत्री न तो विभागीय प्रगति पर ध्यान दे रहे हैं, न ही कार्मिकों की पीड़ा समझ रहे हैं।
मोर्चा ने मुख्यमंत्री से मांग की कि जनहित और कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए ऐसे ‘नाकाम’ मंत्री को बर्खास्त किया जाए।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post