उत्तरांचल प्रेस क्लब देहरादून में आयोजित प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में हाल ही में ओमान में हुई अल्ट्रा ट्रेल रन प्रतियोगिता के विश्व विजेता नायक कलम सिंह बिष्ट (सेनि) ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की। 11 से 13 दिसंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 68 देशों के 4500 प्रतिभागियों के बीच उन्होंने 120 किमी की दौड़ 18 घंटे 18 मिनट में पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय इवेंट था, जिसमें उन्होंने स्वर्ण पदक जीता।
नायक कलम सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए बताया कि गरीबी और संसाधनों के अभाव में भी उन्होंने कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर फौज में सेवा की और खेल से नाता बनाए रखा। उन्होंने कहा कि पहाड़ी रास्तों पर होने वाली अल्ट्रा ट्रेल रन सबसे कठिन होती है, जिसमें उनके बचपन का अनुभव और सेना का प्रशिक्षण बेहद काम आया।
मूल रूप से चमोली जिले के देवाल ब्लॉक के मुंदोली गांव निवासी कलम सिंह बिष्ट ने बताया कि तीन वर्ष पूर्व उन्होंने मुंदोली रनर्स क्लब की स्थापना की, जिसके माध्यम से वे उत्तराखंड के युवाओं को एथलेटिक्स के लिए तैयार कर रहे हैं। वर्तमान में उनसे लगभग 370 युवा जुड़े हैं, जिनमें कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो रहे हैं। उनका उद्देश्य युवाओं को नशे और मोबाइल की लत से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करना है।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post