
हरेला पर्व (माह) के अंतर्गत एम्स ऋषिकेश एवं रोटरी क्लब ऋषिकेश के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान एम्स परिसर में विभिन्न प्रजातियों के औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया गया।
एम्स ऋषिकेश की निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रोफेसर (डॉ.) मीनू सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में संस्थान के चिकित्सकों, फैकल्टी सदस्यों तथा रोटरी क्लब ऋषिकेश के सदस्यों ने भाग लिया। पौधरोपण कार्यक्रम एम्स परिसर के गेट नंबर-2 स्थित मिलेट कैफे के आसपास आयोजित किया गया।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) मीनू सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रभावी उपायों से ही जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्राणवायु मानव जीवन का आधार है और पर्यावरण संवर्धन के लिए पौधरोपण अभियान को केवल एक दिन तक सीमित न रखकर वर्षभर विभिन्न स्तरों पर चलाया जाना चाहिए।
अभियान के तहत अशोक, आंवला, हरड़ और बहेड़ा सहित औषधीय गुणों से भरपूर विभिन्न प्रजातियों के करीब 50 हर्बल पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का संकल्प भी लिया।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड में 16 जुलाई से हरेला पर्व (माह) मनाया जा रहा है। इस दौरान प्रदेशभर में विभिन्न सरकारी, सामाजिक और शैक्षणिक संस्थानों द्वारा पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
Reported By: Arun sharma















Discussion about this post