मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, तपोवन में ‘‘सांसद खेल महोत्सव’’ का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आयोजित यह महोत्सव खेल प्रतिभाओं को गाँव से राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण अभियान है। उत्तराखंड में यह महोत्सव तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य फिट इंडिया, स्पोर्ट्स इंडिया और स्ट्रॉन्ग इंडिया के संदेश को गाँव-गाँव तक पहुँचाना तथा पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत वैश्विक खेल मंच पर मजबूत पहचान बना रहा है। उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों में 103 पदक जीतकर नया इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि राज्य में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना तेज गति से विकसित हो रही है। ‘‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’’ के अंतर्गत 8 प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी, जिनमें प्रतिवर्ष 920 उत्कृष्ट एथलीटों सहित 1000 खिलाड़ी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी में प्रथम खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना, नई खेल नीति, खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी, खेल विकास निधि, उदीयमान खिलाड़ी योजना और किट योजना जैसे उपायों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए उत्तराखंड खेल रत्न और हिमालय खेल रत्न पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं तथा राजकीय सेवाओं में 4 प्रतिशत खेल कोटा पुनः लागू किया गया है।
राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के संकल्प की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विद्यालय में वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट निर्माण तथा मेस फर्नीचर व्यवस्था के लिए सांसद निधि से धनराशि देने की घोषणा की।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post