आगामी दो दिवसीय विशेष सत्र के सफल संचालन हेतु उत्तराखंड विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण की अध्यक्षता में गुरुवार को एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य शासन के विभिन्न विभागों, पुलिस प्रशासन, सूचना, चिकित्सा, ऊर्जा, पेयजल, लोक निर्माण, परिवहन एवं विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के विधानसभा आगमन से जुड़ी तैयारियों, सुरक्षा प्रोटोकॉल और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। विधानसभा अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
उन्होंने कहा कि यह सत्र राज्य के लिए ऐतिहासिक होगा, क्योंकि इसमें उत्तराखंड की 25 वर्षों की विकास यात्रा पर चर्चा के साथ-साथ उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं पर सार्थक विमर्श होगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि राष्ट्रपति जी के संबोधन के दौरान सुरक्षा, मीडिया कवरेज, फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की जिम्मेदारी तय अधिकारियों को सौंपी जाएगी। मीडिया प्रतिनिधियों की सूची 31 अक्टूबर तक विधानसभा सचिवालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
विधानसभा परिसर में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन और विद्युत-पेयजल आपूर्ति की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर सत्र को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की 25 वर्षों की विकास यात्रा केवल समीक्षा का अवसर नहीं, बल्कि भविष्य की दिशा तय करने का भी माध्यम बनेगी।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post