
एम्स ऋषिकेश में अब सुरक्षा गार्ड न सिर्फ अपनी ड्यूटी निभाएंगे, बल्कि राष्ट्रीय पर्वों और विशेष अवसरों पर पाइप बैंड की देशभक्ति धुनें भी प्रस्तुत करेंगे। संस्थान ने अपने सुरक्षा विभाग के 12 पूर्व सैनिकों की टीम से एक पाइप बैंड का गठन किया है, जिसमें 2 बैंड मास्टर, 6 पाइपर, 2 बिगुलर, 1 बेस ड्रमर और 1 ट्रेनर ड्रमर शामिल हैं।
यह टोली स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा यात्रा के दौरान पहली बार प्रस्तुत हुई और सबका मन मोह लिया। संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने बैंड का उत्साहवर्धन किया और इसे स्टाफ के लिए प्रेरणादायक बताया।
उप मुख्य सुरक्षा अधिकारी कमांडेंट अनिल चंद्र सिंह ने बताया कि ड्यूटी टाइम के अतिरिक्त समय में बैंड सदस्यों को प्रशिक्षण दिया गया है। पहले एम्स प्रशासन आर्मी या आईटीबीपी से बैंड बुलाता था, लेकिन अब संस्थान का अपना बैंड ही इन अवसरों पर धुनें बजाएगा।

देशभक्ति से ओत-प्रोत यह पहल सुरक्षा कर्मियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ ही एम्स की गरिमा को भी और ऊँचाई प्रदान करेगी।
’’विशेष अवसरों पर आर्मी बैंड की आवश्यकता को देखते हुए यह व्यवस्था की गयी है। संस्थान में सेवा दे रहे सभी सुरक्षा गार्ड पूर्व में भारतीय सेना के अंग रहे हैं और इनमें से कुछ पाइप बैंड वाद्य यंत्रों के ज्ञाता हैं। सुरक्षा विभाग द्वारा पाइप बैंड के प्रति उत्साह और अनुभव को देखते हुए बैंड टोली बनाने का निर्णय लिया गया। ’’
——– प्रो. मीनू सिंह, कार्यकारी निदेशक एम्स ऋषिकेश।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post