
किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने एग्रीस्टैक योजना के तहत जनपद में संचालित कार्यों की समीक्षा की। गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री, अंश निर्धारण और डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीपी) के कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।
3.69 लाख से अधिक खातेदारों का अंश निर्धारण पूरा
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, जनपद में एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत कुल 3,88,734 खातेदारों के सापेक्ष 3,69,666 खातेदारों का अंश निर्धारण पूरा कर लिया गया है। शेष कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित तहसीलदारों को निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि अंश निर्धारण का कार्य समय पर पूरा होने से किसानों से संबंधित अभिलेखों को व्यवस्थित करने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा
बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि कृषि विभाग को आवंटित 11,238 खसरा नंबरों के सापेक्ष 7,605 खसरों का सर्वे पूरा कर लिया गया है।
इसी प्रकार, उद्यान विभाग को आवंटित 2,367 खसरा नंबरों में से 2,064 का सर्वे कार्य पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी और मुख्य उद्यान अधिकारी को शेष सर्वे कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
1.72 लाख लाभार्थियों की फार्मर रजिस्ट्री पर जोर
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने के लिए सभी तहसीलदारों को पोर्टल पर लंबित सत्यापन और अनुमोदन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्य कृषि अधिकारी को 1,72,105 लाभार्थियों का पंजीकरण जल्द पूरा कराने को कहा। साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों को अंश निर्धारण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
समयबद्ध तरीके से पूरे हों सभी कार्य
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत संचालित सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री, अंश निर्धारण और डिजिटल क्रॉप सर्वे में प्रगति लाकर किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया को सुगम बनाया जाए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
Reported By: Gopal Nautiyal













Discussion about this post