देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष एवं उत्तराखण्ड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री ऐश्वर्या रावत ने वर्ष 2026 का पहला दिन देहरादून स्थित महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र में रह रहीं निराश्रित महिलाओं के साथ मनाया। इस अवसर पर केंद्र में रह रही 190 महिलाओं को नव वर्ष के उपहार और जलपान की व्यवस्था उनकी ओर से की गई।
190 महिलाओं को उपहार, नव वर्ष की खुशियां बांटी
ऐश्वर्या रावत ने महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र में रह रहीं सभी महिलाओं को व्यक्तिगत रूप से उपहार भेंट किए। इस दौरान केंद्र का माहौल उत्साह और आत्मीयता से भरा रहा। महिलाओं ने इस पहल के लिए ऐश्वर्या रावत का आभार जताया।
व्यक्तिगत जरूरतों को देखते हुए की गई पहल
ऐश्वर्या रावत ने बताया कि कुछ समय पूर्व केंद्र के निरीक्षण के दौरान कुछ महिलाओं ने उनसे अपनी व्यक्तिगत जरूरतों को लेकर निवेदन किया था। सरकारी व्यवस्था में बजट सीमित होने के कारण सभी व्यक्तिगत जरूरतों को पूरा करना संभव नहीं होता, इसलिए उन्होंने स्वर्गीय शैला रानी रावत सामाजिक सेवा ट्रस्ट के माध्यम से महिलाओं की मदद करने का निर्णय लिया।
शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए हर संभव सहयोग
उन्होंने कहा कि केंद्र में रह रही जो भी महिला पत्राचार के माध्यम से पढ़ाई करना चाहती है या किसी व्यावसायिक कोर्स में प्रशिक्षण लेना चाहती है, उन्हें शैला रानी रावत सामाजिक सेवा ट्रस्ट की ओर से हरसंभव सहायता दी जाएगी, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
शैला रानी रावत सामाजिक सेवा ट्रस्ट कर रहा निरंतर सामाजिक कार्य
उल्लेखनीय है कि ऐश्वर्या रावत की माता स्वर्गीय शैला रानी रावत केदारनाथ विधानसभा से दो बार विधायक रही थीं। उनके निधन के बाद ऐश्वर्या रावत ने उनके नाम से शैला रानी रावत सामाजिक सेवा ट्रस्ट की स्थापना की, जिसके माध्यम से वे लगातार सामाजिक सेवा के कार्यों में सक्रिय हैं।
शिक्षा और समाजसेवा में सक्रिय ऐश्वर्या रावत
MA, B.Ed और वकालत की पढ़ाई कर चुकी ऐश्वर्या रावत वर्तमान में रुद्रप्रयाग जनपद के अगस्तमुनि में एक इंटर कॉलेज का संचालन भी कर रही हैं। केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के सामाजिक कार्यक्रमों और सुख-दुख में वे लगातार जनता के बीच सक्रिय रहती हैं।
सकारात्मक पहल की हो रही सराहना
परंपरागत राजनीति से इतर निराश्रित महिलाओं के बीच नव वर्ष की खुशियां मनाना और उनकी समस्याओं का समाधान व्यक्तिगत संसाधनों से करने का प्रयास ऐश्वर्या रावत की एक सराहनीय और सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। उनकी इस पहल की चारों ओर प्रशंसा हो रही है।
Reported By : Rajesh Kumar












Discussion about this post