कृषि, ग्राम्य एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कुमाऊं भ्रमण के दौरान पिथौरागढ़ में पूर्व सैनिकों से मुलाकात कर उनके कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। उन्होंने हल्द्वानी में शहीदों के आश्रितों और बच्चों के लिए जनरल बिपिन चंद्र जोशी के नाम पर हॉस्टल निर्माण तथा जिले में पूर्व सैनिकों के लिए मिलन केंद्र स्थापित करने की घोषणा की।
मंत्री जोशी ने जनरल बी.सी. जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल पहुंचकर स्वर्गीय जनरल बी.सी. जोशी को श्रद्धांजलि दी और उनके प्रेरणादायी योगदान को याद किया। डीडीहाट में सैनिक कल्याण कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि 744.08 लाख रुपये का प्रस्ताव नए भवन के लिए भेजा गया है तथा अब तक 172 पेंशन मामले निस्तारित किए जा चुके हैं।
भ्रमण के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया और शेष मामलों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। आपदा प्रभावित सड़कों की मरम्मत के लिए पीएमजीएसवाई अधिकारियों को भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post