भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तराखंड प्रदेश कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार शाम नई दिल्ली में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे, जबकि राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष भी इसमें मौजूद रहेंगे। बैठक में आगामी 2027 उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की रणनीति सहित कई अहम राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि पार्टी समय-समय पर कार्यकर्ताओं, विभिन्न टोलियों और प्रदेश कोर ग्रुप की बैठकें आयोजित करती है। इन बैठकों में राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन प्राप्त होता है और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ भविष्य की रणनीति तय की जाती है।
उन्होंने कहा कि बुधवार शाम छह बजे दिल्ली में होने वाली इस बैठक में हाल के दिनों में संगठन द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाना तथा चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की दिशा में विचार-विमर्श करना है।
कुंदन परिहार ने कहा कि भाजपा आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन और सभी सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लक्ष्य के साथ संगठनात्मक स्तर पर लगातार तैयारी कर रही है। इसी क्रम में राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत मंथन किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में पिछली विधानसभा चुनाव में हारी हुई सीटों की समीक्षा, संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर भी विशेष चर्चा होने की संभावना है। पार्टी इन विषयों पर ठोस रणनीति तैयार कर आगामी चुनावी अभियान को गति देने की तैयारी में है।
कुंदन परिहार प्रदेश महामंत्री बीजेपी
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post