फेयरफिल्ड बाय मेरियट मालसी में आयोजित टाइम्स ऑफ इंडिया कॉन्क्लेव – उत्तराखंड चैप्टर 2025 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य और देश की प्रगति पर अपने विचार रखे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले देश की पहचान भ्रष्टाचार और घोटालों से होती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” की नीति के साथ वैश्विक स्तर पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने सीमांत क्षेत्रों, मध्यम वर्ग और उद्योग जगत के लिए ऐतिहासिक पहल की हैं।
राज्य के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर परियोजना को तय समय में पूरा कर रही है। भर्ती घोटालों पर उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने पारदर्शिता लाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है और अब तक 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे गए हैं। हाल ही में हुए प्रकरण पर उन्होंने युवाओं से संवाद कर सीबीआई जांच की अनुशंसा की।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष आपदाओं के बावजूद अब तक 42 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा पूरी कर चुके हैं। राज्य को एडवेंचर टूरिज्म हब बनाने, शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने और नंदा देवी राजजात (2026) व हरिद्वार कुंभ (2027) को भव्य बनाने की तैयारी पर भी उन्होंने जोर दिया।
उद्योग जगत पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के तहत हुए 3.56 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 1 लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। ‘एक जनपद, दो उत्पाद’ और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसे प्रयास स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं।
सांस्कृतिक और सामाजिक सरोकारों पर धामी ने कहा कि सरकार ने धर्मांतरण विरोधी, दंगा विरोधी और समान नागरिक संहिता जैसे ऐतिहासिक कानून लागू किए हैं। लैंड जिहाद और अवैध मदरसों पर सख्त कार्रवाई की गई है।
अंत में मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से “स्वदेशी अपनाओ, देश को मजबूत बनाओ” का आह्वान करते हुए कहा कि हर भारतीय को आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त करने हेतु स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post