इसे भी पढ़ें
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को टिहरी गढ़वाल स्थित वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट में आयोजित 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देशभर से आए पुलिस बलों के खिलाड़ियों और अधिकारियों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का विषय है कि पहली बार इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 19 टीमों के 440 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग जैसी स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
उन्होंने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को मंच देने के साथ ही उत्तराखंड को एडवेंचर स्पोर्ट्स और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाते हैं।
मुख्यमंत्री ने पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके लिए शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है। खेल न केवल फिटनेस बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता भी विकसित करते हैं।
उन्होंने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत और रेस्क्यू ऑपरेशन में भी बेहद उपयोगी होते हैं। साथ ही नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया” जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड अब देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी तेजी से उभर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन राज्य के विकास, पर्यटन और खेल प्रतिभाओं के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
Reported By: Arun sharma












Discussion about this post