मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के क्रम में विभिन्न स्थानीय निकायों को करोड़ों रुपये की धनराशि जारी करने को अनुमोदन प्रदान किया है। इसके तहत गैर निर्वाचित निकायों को वित्तीय वर्ष 2025-26 की द्वितीय छमाही किश्त के रूप में 3 करोड़ रुपये, समस्त जिला पंचायतों को तृतीय त्रैमासिक किश्त एवं क्षेत्र व ग्राम पंचायतों को द्वितीय छमाही किश्त के रूप में कुल 361.25 करोड़ रुपये, तथा समस्त शहरी स्थानीय निकायों को तृतीय त्रैमासिक किश्त के रूप में 333.25 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने मानसून के दौरान हरिद्वार जनपद की आपदा संवेदनशीलता को देखते हुए आपदा न्यूनीकरण निधि में तात्कालिक आवश्यक कार्यों हेतु 1 करोड़ रुपये तथा उत्तरकाशी जिले में अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सार्वजनिक परिसंपत्तियों की मरम्मत एवं पुनर्स्थापना कार्यों हेतु 3 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की है।
राज्य योजना के अंतर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न मोटर मार्गों पर स्थित चार सेतुओं के उच्चीकरण और एक मोटर मार्ग के निर्माण हेतु 18.23 लाख रुपये का भी अनुमोदन दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा मोचन निधि से विभिन्न विभागों एवं जनपदों को भी वित्तीय सहायता प्रदान की है, जिसमें आयुक्त एवं सचिव, राजस्व परिषद देहरादून को 2 करोड़, जनपद देहरादून को 16 करोड़ तथा उत्तराखंड ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण को 25 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। साथ ही, पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के दिवोगी कान्द्रा भवालातोक क्षेत्र में विन नदी के तट पर बाढ़ नियंत्रण कार्य हेतु 2.58 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इसके अतिरिक्त, राज्य के 13 जनपदों में आपदा से प्रभावित सड़कों से मलबा हटाने के कार्य हेतु तैनात जेसीबी मशीनों के भुगतान के लिए प्रति जनपद 2 करोड़ की दर से कुल 26 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पिथौरागढ़ में स्थित ऐतिहासिक लंदन फोर्ट किले का नाम बदलकर सोरगढ़ किला किए जाने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन प्रदान किया है। इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post