मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा–2025 में हाईस्कूल के 240 टॉपर छात्र-छात्राओं को “भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण” के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये छात्र विभिन्न दलों में देश के प्रमुख वैज्ञानिक, तकनीकी और ऐतिहासिक संस्थानों का भ्रमण करेंगे।
एससीईआरटी ननूरखेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस शैक्षिक भ्रमण से प्रतिभाशाली छात्रों को भारत की प्रगति, विज्ञान, तकनीक, इतिहास और संस्कृति का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे यात्रा डायरी में अपने अनुभव दर्ज करें और उत्तराखंड की उपलब्धियों—जैसे देश में पहली बार लागू यूसीसी, सख्त नकल-विरोधी कानून, राष्ट्रीय खेलों का आयोजन, अतिक्रमण मुक्त अभियान और भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई—को भी उल्लेखित करें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि समारोह के बाद प्रत्येक जनपद से दो श्रेष्ठ डायरी लेखकों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले वर्ष इस कार्यक्रम में 156 छात्र शामिल हुए थे, जबकि इस वर्ष संख्या बढ़कर 240 हो गई है। ये छात्र इसरो, श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, यूआर राव उपग्रह केंद्र और विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र जैसे संस्थानों का दौरा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्यक्ष अनुभव से ज्ञान और दृष्टिकोण में कई गुना वृद्धि होती है। टीमवर्क, सामाजिक कौशल और आत्मविश्वास का विकास इस भ्रमण का प्रमुख लाभ होगा। उन्होंने छात्रों से अपने सपनों को बड़ा रखने और चुनौतियों से सीखते हुए आगे बढ़ने का संदेश दिया।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में संविधान दिवस पर 23 हजार स्कूलों में वंदेमातरम का सामूहिक गायन कराया गया, जिसमें 21 लाख लोगों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम के लिए एक हजार प्रतिभाशाली छात्रों को भेजने की अनुमति दे दी गई है।
Reported By: Praveeb Bhardwaj












Discussion about this post