विकासनगर में जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकार वार्ता कर देहरादून शहर में एक बार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
नेगी ने दावा किया कि देर रात तक चल रहे “रोमियो लेन बार” में कथित रूप से एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (आईजी) की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार को रात 3–4 बजे तक संचालित करने दिया जा रहा है, जिससे पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हैं।
उन्होंने कहा कि जब पुलिस टीम कार्रवाई करने पहुंची, तो कथित रूप से वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का विरोध करने लगे, जिससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया है। नेगी ने मांग की कि सरकार इस मामले की निष्पक्ष जांच कराए और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
मोर्चा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में पारदर्शिता जरूरी है और बार की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि सच सामने आ सके।
उन्होंने सीओ सिटी प्रमोद कुमार और पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोभाल की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मौके पर साहसिक कदम उठाया।
नेगी ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी संबंधित अधिकारी पर हरिद्वार में भूमि विवाद से जुड़े मामले में संरक्षण देने के आरोप लग चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार कार्रवाई नहीं करती है तो मोर्चा स्वयं इस मामले को उजागर करेगा।
जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष, रघुनाथ सिंह नेगी
Reported By: Arun sharma














Discussion about this post