सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने यमुना कालोनी स्थित शासकीय आवास पर सहकारिता मेलों की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में सहकारिता सचिव एवं निबंधक ने विभागीय गतिविधियों, मेलों की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
डॉ. रावत ने सभी जनपदों में मेलों की व्यवस्थाओं और समन्वय को प्रभावी बनाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अब तक संपन्न मेलों में एक लाख से अधिक किसानों ने भाग लिया, जबकि आगामी मेलों में चार लाख किसानों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार, ग्राम स्तर पर जनजागरूकता और स्थानीय समितियों के माध्यम से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने पौड़ी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में सफल मेलों का उल्लेख किया और पिथौरागढ़ एवं उत्तरकाशी में चल रहे मेलों की समीक्षा की। बैठक में पैक्स कंप्यूटराइजेशन की स्थिति पर भी चर्चा हुई। डॉ. रावत ने इसे सहकारिता प्रणाली के आधुनिकीकरण, पारदर्शिता और दक्षता के लिए आवश्यक बताते हुए समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post