सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जनपद मुख्यालय के रामलीला मैदान में आयोजित सहकारिता मेले का उद्घाटन किया। यह मेला 13 से 19 नवंबर तक चलेगा और इसमें 30 से अधिक स्टॉलों पर सहकारी समितियों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उत्पादकों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए।
मंत्री रावत ने महिला समूहों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प, जैविक कृषि उत्पाद और दुग्ध सहकारिता के उत्पादों की सराहना की तथा इन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुँचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन गरीबों और ग्रामीणों की आर्थिक सशक्ति का मजबूत माध्यम है और सरकार इसके डिजिटलीकरण पर जोर दे रही है।
कार्यक्रम में मंत्री ने दीन दयाल उपाध्याय योजना के तहत 32.5 लाख रुपये के चेक वितरित किए और तीन किसानों व तीन स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित किया। उन्होंने तीन नई बैंक शाखाएँ खोलने और महिलाओं को बिना गारंटी ऋण सुविधा देने की भी घोषणा की।
मेले में प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कार्यशालाएँ, प्रतियोगिताएँ और फूड स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र हैं। बाद में मंत्री रावत ने कीर्ति इंटर कॉलेज पहुँचकर स्वदेशी शपथ दिलाई और “वंदे मातरम” के सामूहिक गान में भाग लिया।
Reported By: Gopal Nautiyal












Discussion about this post